Representative Image

By JAGRAN NEWS

जागरण संवाददाता, बरेली। मुहर्रम जूलूस में नई परंपरा से रोकने में रंजिश में हिंदुओं पर हमले के आरोपितों के मकान गिराए जाएंगे। रविवार को गौसगंज गांव में जांच करने पहुंची राजस्व विभाग की टीम ने पाया कि 11 मकान सड़क पर अतिक्रमण कर बनाए गए। देर शाम तक चिह्नीकरण के बाद टीम लौट गई, जोकि आज शेष हिस्से का सर्वे करेगी।

अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर अतिक्रमण पर बुलडोजर (बैकहो लोडर) चलेगा। इसके अलावा, उपद्रव का अन्य आरोपित आलमगीर व निजाकत अली मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया। इसमें आलमगीर के पैर में गोली लगी, एक सिपाही को छर्रे लगे। पुलिस अब तक 35 आरोपितों की गिरफ्तारी कर चुकी है।

आरोपितों पर लगेगी रासुका

एसपी दक्षिणी मानुष पारीक का कहना है कि आरोपितों पर रासुका लगाई जाएगी। संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। गौसगंज गांव में 17 जुलाई को मुहर्रम के जुलूस के दौरान मंदिर के सामने ढोल बजाए गए थे। हिंदू पक्ष ने इसे नई परंपरा बताते हुए विरोध किया तो आयोजक रंजिश मान बैठे। शुक्रवार रात को भीड़ ने हिंदू परिवारों पर हमला कर दिया। महिलाओं से छेड़छाड़, तोड़फोड़, पथराव किया गया। पीड़ित पक्ष ने 50 नामजद व 15 अज्ञात पर प्राथमिकी लिखाई थी। डायल 112 पहुंचने के बाद भी आरोपित हमला करते रहे इसलिए दूसरी प्राथमिकी पुलिस की ओर से दर्ज हुई।

This story was originally published in jagran.com. Read the full story here.